मैनपुरी: यूपी के मैनपुरी स्थित कुरावली थाना क्षेत्र में रविवार की दोपहर नेशनल हाइवे पर सराय लतीफ के पास बाइक सवारों को रौंदने के बाद वैगनआर कार खडे़ ट्रक में पीछे से जा टकराई। हादसे मे वैगनआर चालक व बाइक सवार मां बेटी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायल बाइक सवार पिता पुत्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाए हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया है।

नेशनल हाइवे पर रविवार की दोपहर वैगनआर कार ने सामने से आ रहे बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। इसके बाद अनियंत्रित हुई वैगनआर सड़क किनारे खडे़ ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैगनआर चला रहे 45 वर्षीय मटरु दयाल निवासी खनवा शंकरपुर थाना पाली जनपद हरदोई की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

दो की मौके पर ही हो गई मौत

लोगों ने जब बाइक सवारों के पास जाकर देखा तो दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। बाइक चला रहे युवक व बच्चा गंभीर रूप से घायल था। सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने 50 वर्षीय सोना निवासी नगला घनी थाना कुरावली, पुत्री मीना निवासी गांव मानिकपुर हाथरस को मृत घोषित कर दिया। घायल केसर निवासी मानिकपुर व एक वर्षीय पुत्र का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मौके पर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया। वहीं मार्ग का आवागमन सुचारू कराया।

पत्नी के साथ सास को घर छोड़ने आ रहा था केसर

कस्बा कुरावली में सराय लतीफ के पास हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल मानिकपुर हाथरस निवासी केसर ने बताया कि सास सोना कुछ महीने पहले उनके एक वर्षीय पुत्र की देखरेख करने के लिए घर आई थी। रविवार को वह पत्नी मीना और एक वर्षीय पुत्र के साथ बाइक से सास को घर नगला घनी कुरावली छोड़ने जा रहे थे। तभी सराय लतीफ के पास वैगनआर की चपेट में आकर उनकी पत्नी और सास की मौत हो गई।

मां की छाती से लिपटे मासूम की बच गई जान

कहते हैं कि मां तो आखिर मां होती है। रविवार की दोपहर कस्बा कुरावली में हुए हादसे में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। एक वर्षीय पुत्र को गोद में लिए मीना जब हादसे का शिकार हुई तो उन्होंने पुत्र को सीने से चिपका लिया। बाइक से गिरने के दौरान बच्चे को चोटिल होने से बचाने का आखिरी दम तक प्रयास किया। मां का ये आखिरी प्रयास काम कर गया। मीना तो इस दुनिया से हमेशा के लिए चली गई। मगर अपने मासूम बेटे को नया जीवन दे गई।

"गांव से शहर तक, गलियों से सड़क तक- आपके इलाके की हर धड़कन को सुनता है "जिला नजर" न्यूज़ नेटवर्क: नजरिया सच का

error: Content is protected !!
Exit mobile version