फतेहाबाद/आगरा।  कस्बा फतेहाबाद स्थित बिहारी जी महाराज मंदिर में रंग एकादशी के अवसर पर महिलाओं ने परंपरागत उल्लास के साथ होली खेली। मंदिर परिसर टेसू के फूलों से बने प्राकृतिक रंगों और अबीर-गुलाल से सराबोर हो उठा।

सुबह से ही महिलाओं की भीड़ मंदिर में उमड़ पड़ी और पूरे वातावरण में भक्ति व उत्सव का संगम देखने को मिला।कार्यक्रम के दौरान होली गीतों का विशेष आयोजन किया गया। ढोलक की थाप पर महिलाओं ने फाग और रसिया गाए तथा जमकर नृत्य किया।

एक-दूसरे को टेसू के रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। मंदिर परिसर में “होली खेलें रघुवीरा” और “आज बिरज में होली रे रसिया” जैसे पारंपरिक गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

मंदिर के पुजारी राम विवेक गौड़ ने बताया कि रंग एकादशी पर टेसू के फूलों से होली खेलने की परंपरा वर्षों पुरानी है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक रंगों से होली खेलने से जहां पर्यावरण की रक्षा होती है, वहीं हमारी सनातन संस्कृति भी जीवंत बनी रहती है।

भगवान बिहारी महाराज के चरणों में रंग अर्पित कर भक्तजन सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हैं।कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

error: Content is protected !!
Exit mobile version