समाचार सार:
आगरा के शमशाबाद क्षेत्र में जमीन विवाद ने लिया उग्र रूप, ग्राम प्रधान पर हमला, थाना शमशाबाद के बड़ोवरा खुर्द गांव में पैतृक जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर लाठी-डंडे और पथराव शुरू हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राम प्रधान गया प्रसाद कुशवाहा पर भी हमला कर दिया गया। घटना में दोनों पक्षों के 6 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने प्रधान की तहरीर पर 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। वर्तमान में गांव में शांति है।

शमशाबाद के बड़ोवरा खुर्द गांव में दो पक्षों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे, सात पर FIR दर्ज

रिपोर्ट 🔹आकाश भारद्वाज


शमशाबाद/आगरा। थाना शमशाबाद क्षेत्र के बड़ोवरा खुर्द गांव में सोमवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पैतृक संपत्ति पर कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। बात इतनी बढ़ी कि लाठी-डंडे, सरिए और पथराव तक की नौबत आ गई। बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राम प्रधान गया प्रसाद कुशवाहा पर भी हमला कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस संघर्ष में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हुए हैं।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, विवाद उस समय शुरू हुआ जब एक पक्ष जमीन पर दीवार खड़ी करने की कोशिश कर रहा था। प्रधान पक्ष ने इसका विरोध किया तो तनाव और बढ़ गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष के एक दर्जन से अधिक लोगों ने मिलकर हमला किया।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा। ग्राम प्रधान गया प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है।

शमशाबाद इंस्पेक्टर हंसराज भदौरिया ने बताया, “जमीन विवाद में हुई मारपीट की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। हालात नियंत्रण में हैं और गांव में शांति बनी हुई है।”


error: Content is protected !!
Exit mobile version