फतेहाबाद/आगरा।  फतेहाबाद और बमरौली कटारा थाना क्षेत्र में बीते 24 घंटे के भीतर हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। इन हादसों से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

पहली घटना गुरुवार देर शाम थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर गायत्री फार्म हाउस के सामने हुई। यहां अनुबंधित रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

थानाध्यक्ष बमरौली कटारा हरीश शर्मा ने बताया कि दीपेश उम्र लगभग 19 वर्ष पुत्र मुकेश, निवासी थोक करन सिंह, बमरौली कटारा, आगरा की ओर से अपने घर लौट रहा था। तभी सामने से आ रही रोडवेज बस से उसकी टक्कर हो गई। घायल को राधा माधव हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की।

दूसरी घटना शुक्रवार दोपहर थाना फतेहाबाद क्षेत्र के फतेहाबाद-बाह मार्ग पर सनराइज अस्पताल के पास हुई। यहां तेज रफ्तार कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई, जिससे पोल टूट गया और कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।

इस दुर्घटना में बाइक सवार दंपती बलराम सिंह उम्र 48 वर्ष पुत्र जानवेद सिंह तोमर और रेखा देवी उम्र 45 वर्ष पत्नी बलराम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मैदौरा गांव के निवासी थे, जो थाना पोरसा, जिला मुरैना के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पहले रेखा देवी और बाद में उनके पति बलराम सिंह तोमर की मौत हो गई।

प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद तरुण धीमान ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रहे सड़क हादसों से लोगों में चिंता बढ़ गई है।

रिपोर्ट -सुशील गुप्ता

error: Content is protected !!
Exit mobile version