🔹नीतेश शास्त्री व ग्राम प्रधान विजयपाल ने किया सम्मान, युवक ने पेश की मानवता की मिसाल

फतेहाबाद/आगरा। शंकरपुर घाट के पास यमुना नदी में डूबती एक महिला की जान बचाने वाले फतेहाबाद क्षेत्र के गांव पूठपुरा लोहिया उझावली निवासी रामबाबू निषाद का बुधवार को उझावली गांव में सम्मान किया गया।

सम्मान समारोह का आयोजन नीतेश शास्त्री एवं ग्राम प्रधान विजयपाल द्वारा किया गया, जिसमें वीर युवक को शॉल उड़ाकर व मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रामबाबू निषाद पुत्र अमर सिंह कुछ दिन पूर्व अपने साथियों के साथ शंकरपुर घाट की ओर से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने यमुना नदी में एक महिला को डूबते हुए देखा। महिला को बचाने के लिए रामबाबू ने बिना देर किए अपने कपड़े उतारे और कड़ाके की ठंड के बावजूद ठंडे पानी में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

बताया गया कि महिला फिरोजाबाद क्षेत्र की निवासी है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। महिला को सुरक्षित बचाने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

बुधवार को उझावली में आयोजित सम्मान समारोह में नीतेश शास्त्री व ग्राम प्रधान विजयपाल ने रामबाबू निषाद के साहस की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मानवता और बहादुरी की अनुकरणीय मिसाल पेश की है। अपनी जान की परवाह किए बिना उन्होंने एक अजनबी महिला की जान बचाकर समाज को प्रेरणा देने का कार्य किया है।

इस अवसर पर रामनरेश, मुरारी लाल, कैलाश चंद्र, साहब सिंह, देवेंद्र सिंह, डॉ. भूदेव सहित अन्य गणमान्य लोग व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

संवाददाता • सुशील गुप्ता

error: Content is protected !!
Exit mobile version