आगरा। आगरा से अलीगढ़ के अतरौली में गई बारात की गांव वालों से झड़प हो गई। उनके बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें डंडा लगने से दूल्हे के चचेरे भाई को गंभीर चोट आ गई। अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। 10 अन्य भी घायल हुए हैं। आगरा में जब दूल्हे की मां ने यह खबर सुनी तो उनकी हालत बिगड़ गई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही मृतक की पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। ढाई साल पहले ही उसकी शादी हुई थी।
आगरा में एत्माद्दौला क्षेत्र के सीता नगर से राहुल पुत्र ओमवीर सिंह की बरात अतरौली क्षेत्र के गांव मढ़ौली स्थित लक्ष्मी फार्म हाउस में गई थी। देर रात 11 बजे बरातियों और गांव वालों के बीच झगड़ा हो गया। लाठी डंडों के साथ मारपीट हो गई। इस दौरान दूल्हे के चचेरे भाई विनय के सिर पर डंडा लग गया। मारपीट में दिलीप पुत्र दुर्ग सिंह, सोनवीर, मोनवीर पुत्रगण गिरवर सिंह व योगेन्द्र सिंह पुत्र ओमवीर व अन्य घायल हो गए। घायलों को पहले अतरौली सीएचसी ले गए।
यहां से उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय रेफर कर दिया। यहां विनय की मृत्यु हो गई। मृतक विनय के छोटे भाई मनवीर सिंह ने बताया जयमाला का कार्यक्रम होने के बाद हम लोग खाना खाने के लिए अंदर चले गए। इसी दौरान लड़की वालों की तरफ से कुछ लोग फार्म हाउस में आए। वह हमारे एक दोस्त को बाहर लेकर चले गए। उन लोगों ने हमारे दोस्त के कपड़े उतार कर फोटो खींचना शुरू कर दिया और पैसे छीन लिए। हमारे पक्ष के कुछ लोगों ने इस बात का विरोध किया इस पर उन पर हमला बोल दिया गया। मेरे भाई की पीट-पीट कर हत्या कर दी। उसकी डेढ़ साल की बच्ची है।

