फतेहाबाद/आगरा: थाना डौकी क्षेत्र के गांव तनौरा में गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे एक किशोरी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान लक्ष्मी (14-15 वर्ष) निवासी नगला नथोली, रहनकलां, थाना एत्मादपुर के रूप में हुई है। वह 10 फरवरी से अपने घर से लापता थी।
बताया गया है कि 11 फरवरी को लक्ष्मी के पिता जालिम सिंह पुत्र हरी सिंह ने थाना एत्मादपुर में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मृतका के भाई रोहिताश के अनुसार लक्ष्मी अपनी बहन कृष्णा देवी का मोबाइल फोन लेकर घर से निकली थी। तलाश के दौरान उसका मोबाइल गांव के मंदिर के पास पड़ा मिला था। वहीं कुछ दूरी पर उसकी चप्पल, शॉल, घर की चाबी और काले रंग का मास्क भी बरामद हुआ था।
लक्ष्मी ईश्वरी देवी कॉलेज में कक्षा 9 की छात्रा थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि लक्ष्मी का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में हत्या कर शव यमुना नदी में फेंक दिया गया। गुरुवार रात उसका शव डौकी क्षेत्र के तनौरा गांव के पास मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना से परिवार में कोहराम मचा है। ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है। वहीं इंस्पेक्टर एत्मादपुर आलोक कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

