मुरैना/मप्र।  आगामी जनगणना 2027 पूर्व की जनगणनाओं की भांति इस बार भी दो चरणों में सम्पन्न की जाएगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा, जिसके अंतर्गत प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं एवं परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी संकलित की जाएगी।

प्रथम चरण की तैयारियों के क्रम में जिला स्तर पर जनगणना पदाधिकारियों एवं जनगणना अधिकारियों (राजस्व) का द्वितीय प्रशिक्षण बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में भोपाल से आए मास्टर ट्रेनर डॉ. रघुवंश मणी ने अधिकारियों को जनगणना प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा विभिन्न पोर्टलों के उपयोग संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर ने पावरपॉइंट प्रस्तुति एवं डेमो के माध्यम से जनगणना 2027 की रूपरेखा, प्रारंभिक तैयारियां, कार्ययोजना (रोडमैप) एवं संगठनात्मक ढांचे के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना 2027 देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें मोबाइल एप के माध्यम से डेटा संकलन किया जाएगा। साथ ही संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी एवं समीक्षा जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली के वेब पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।

इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी श्री अरविन्द माहौर, समस्त एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

रिपोर्ट -मुहम्मद इसरार खान

"गांव से शहर तक, गलियों से सड़क तक- आपके इलाके की हर धड़कन को सुनता है "जिला नजर" न्यूज़ नेटवर्क: नजरिया सच का

error: Content is protected !!
Exit mobile version