बरेली। उत्तर प्रदेश विधानसभा में नियम 301 के अंतर्गत लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि एवं सुविधाओं में वृद्धि किए जाने संबंधी सूचना को विधानसभा अध्यक्ष द्वारा स्वीकार कर लिया गया है। यह विषय बरेली कैंट के विधायक संजीव अग्रवाल ने बुधवार को सदन में प्रस्तुत किया।
श्री अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने आपातकाल के दौरान तानाशाही प्रवृत्तियों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कठोर यातनाएँ सही थीं। उनका त्याग और बलिदान देश एवं प्रदेश के लोकतांत्रिक इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें सम्मान राशि तथा कैशलैस चिकित्सा सुविधा प्रदान किया जाना सराहनीय कदम है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोकतंत्र सेनानियों की संख्या अत्यंत सीमित रह गई है तथा अधिकांश सेनानी वृद्धावस्था एवं गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। बढ़ती महँगाई, चिकित्सकीय खर्च और जीवन-यापन की आवश्यकताओं को देखते हुए उनकी सम्मान राशि में यथोचित वृद्धि समय की आवश्यकता है।
श्री अग्रवाल ने यह भी मांग की है कि लोकतंत्र सेनानियों के आश्रितों को स्वतंत्रता सेनानी आश्रितों के समान चिकित्सा सुविधा, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य अनुमन्य सुविधाएँ प्रदान की जाएँ जिससे उनके परिवारों को भी सम्मानपूर्वक जीवन यापन का अवसर मिल सके।
विधानसभा अध्यक्ष द्वारा सूचना स्वीकार किए जाने से यह महत्वपूर्ण विषय पर कार्रवाई होगी। श्री अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार लोकतंत्र सेनानियों के योगदान का सम्मान करते हुए इस विषय पर संवेदनशील एवं सकारात्मक निर्णय लेगी।

