आगरा। शनिवार को दक्षिण विधानसभा की विधानसभा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यशाला का एमडी जैन इंटर कॉलेज सभागार में आयोजन किया गया।
मुख्य वक्ता उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कार्यकर्ताओं को बताया कि एसआईआर 2003 की मतदाता सूची ईसीआई पर अपलोड है। हर घर में बीएलओ अधिकतम तीन बार जायेंगे, यह अधिकारी आपके वार्ड में नियुक्त होते हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में चुनाव आयुक्त द्वारा मतदाता विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाकर स्वच्छ लोकतंत्र की संरचना को बनाए रखने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता एवं बीएलए इस अभियान में पूरे मनोबल के साथ लगें। आगे उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज, राष्ट्र और लोकतंत्र की मजबूती के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उन्होंने इस अभियान को संगठन के विस्तार के साथ-साथ लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाने का भी एक अवसर बताया।
महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि एसआईआर कार्यक्रम घोषित होते ही भाजपा ने जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि पार्टी अब बीएलओ की तर्ज पर अपने ब्लॉक लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करेगी, जो घर-घर जाकर मतदाता सूची की पड़ताल करेंगे। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, प्रमोद गुप्ता, निर्मला दीक्षित, दीपक खरे, टीएन अग्रवाल, हेमंत भोजवानी, राजीव लवानियां, धीरज जैन आदि उपस्थित रहे।

