फतेहाबाद/आगरा: फतेहाबाद कस्बे में चल रही ऐतिहासिक रामलीला में शुक्रवार रात रावण वध की लीला का भव्य मंचन हुआ। जैसे ही भगवान श्रीराम ने रावण पर बाण चलाया, मैदान “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा। समाजसेवी और भगवान परशुराम ब्राह्मण महासभा भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष प. सोनू शर्मा ने रावण के पुतले का दहन कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया।
रामलीला कमेटी ने सोनू शर्मा का फूलमालाओं से स्वागत किया। अपने संबोधन में प. सोनू शर्मा ने कहा, “रावण दहन केवल परंपरा नहीं, बल्कि यह हमें अहंकार, क्रोध और लोभ जैसे आंतरिक रावणों को खत्म करने की सीख देता है। भगवान श्रीराम का सत्य और मर्यादा का मार्ग आज भी प्रासंगिक है।” उन्होंने समाज में अन्याय और अधर्म के खिलाफ एकजुट होने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शानदार आतिशबाजी और संगीत के बीच रावण का पुतला जलने पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक “जय श्रीराम” के नारे लगाए। रामलीला कमेटी के संरक्षक डॉ. हरीओम शर्मा, अंतराम पोद्दार, सुभाष चन्द्र शर्मा, रामनिवास गुप्ता, मुन्ना लाल शर्मा, और अध्यक्ष प्रशांत चक सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता