गोवर्धन/मथुरा।आगामी 15 फरवरी को पड़ने वाले महाशिवरात्रि पर्व एवं होली के मद्देनजर थाना गोवर्धन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह एवं थाना प्रभारी गोवर्धन भगवत सिंह गुर्जर ने की। इसमें स्थानीय गणमान्य नागरिकों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।बैठक में महाशिवरात्रि के अवसर पर बाहर से आने वाले कांवरिया श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि महाशिवरात्रि पर श्रद्धालु मथुरा से गोवर्धन मार्ग होते हुए कामा तक कांवड़ लेकर जाते हैं। इस दौरान गोवर्धन स्थित चकलेश्वर व लोटेश्वर महादेव मंदिरों में जलाभिषेक कर श्रद्धालु कामेश्वर महादेव मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए भी बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि होली पर मिट्टी वाले गुलाल की बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाने तथा मदिरापान कर उत्पात मचाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। हुड़दंगियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।व्यापार मंडल के सुझाव पर डीग अड्डा से लेकर एकता तिराहे तक बाहरी वाहनों एवं ई-रिक्शा के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर थाना प्रभारी भगवत सिंह गुर्जर ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।क्षेत्राधिकारी ने कहा कि होली आपसी भाईचारे और प्रेम का पर्व है। स्थानीय नागरिकों को चाहिए कि वे पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाकर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच सकारात्मक संदेश दें। बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version