मुरैना/मप्र: प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री सीएम हेल्पलाइन की नवम्बर माह की ग्रेडिंग जारी कर दी गई है, जिसमें मुरैना जिले ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘A ग्रेड’ प्राप्त किया है। यह उपलब्धि कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के अथक प्रयासों, सक्रिय नेतृत्व और प्रशासनिक टीम की सतत प्रतिबद्धता का परिणाम है।
विदित हो कि सीएम हेल्पलाइन की ग्रेडिंग प्रत्येक माह की 20 तारीख को जारी की जाती है। नवम्बर 2025 की ग्रेडिंग में मुरैना ने बेहतरीन कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए प्रदेश में 8वाँ स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि जिले की जवाबदेही, पारदर्शिता और जनशिकायतों के त्वरित समाधान को दर्शाती है।
जिले में अब तक कुल 12,395 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 50.64 प्रतिशत शिकायतों का समाधान संतुष्टि के साथ किया गया। वहीं 50 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों में से 11.09 प्रतिशत का प्रभावी निराकरण किया गया। निम्न गुणवत्ता का वेटेज 10, ‘नॉट अटेंड’ 9.92 रहा तथा जिले का कुल वेटेज स्कोर 81.65 दर्ज किया गया, जो जिले के लिए अत्यंत उत्कृष्ट माना गया। इस प्रदर्शन के साथ मुरैना प्रदेश की मेरिट सूची में टॉप 10 में 8वें स्थान पर रहा।
इसी प्रकार, प्रदेश से जारी करंट माह की ग्रेडिंग में भी मुरैना जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में 5वाँ स्थान प्राप्त किया है। करंट माह में प्राप्त 12,394 शिकायतों में से 10,455 शिकायतों का संतुष्टि सहित निराकरण किया गया, जिससे समाधान का प्रतिशत 84.36 रहा।
प्रशासन की समयबद्ध, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही के परिणामस्वरूप मुरैना लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। कलेक्टर जांगिड़ के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने न केवल शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया, बल्कि आमजन की संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है। जनसेवा और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में मुरैना की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
- रिपोर्ट – मुहम्मद इस्माइल

