आगरा: विल्वकेश्वरनाथ महादेव मंदिर बलकेश्वर में माता पार्वती को लगायी गयी मेहंदी, 150 कन्याओं ने महिलाओं के हाथों पर रचाया शिवशक्ति नाम। आगरा में महाशिवरात्रि पर्व से पूर्व आयोजित इस धार्मिक आयोजन में शहर भर की महिलाएं अपनी-अपनी सहेली मंडलियों के साथ मंदिर परिसर पहुंचीं और भगवान शिव व माता पार्वती के विवाह उत्सव की तैयारियों में सहभागी बनीं।
मंदिर परिसर बाबा भोलेनाथ और मां पार्वती के भक्ति गीतों से गूंज उठा। धीरे-धीरे बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं और उन्होंने भगवान शिव व माता पार्वती के नाम की मेहंदी अपने हाथों पर लगवाई। इस अवसर पर 150 कन्याओं ने सहभागिता करते हुए महिलाओं के हाथों पर ‘शिवशक्ति’ नाम की मेहंदी रचाई। पूरा परिसर मेहंदी और विवाह गीतों से गुंजायमान रहा।
मेहंदी प्रेम से लगाओ, मेहंदी रंग निखारे शिव विवाह की घड़ी है, कोई मंगल गीत गाओ रे और मेहंदी है रचने वाली, हाथों में गहरी लाली. जैसे गीतों ने आयोजन को भक्तिमय बना दिया। महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने अपने हाथों को मेहंदी से सजाकर शिव विवाह की तैयारियों में श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
इसके साथ ही बाबा भोलेनाथ की बरात की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। मंदिर महंत सुनीलकांत नागर और अर्पित पंड्या के अनुसार 15 फरवरी को पावन महाशिवरात्रि की शाम 6 बजे लोकप्रिया क्लॉथ स्टोर, सेंट्रल बैंक रोड, कमला नगर से विशाल शिव बरात निकाली जाएगी।
बरात में विभिन्न प्रकार की झांकियों के साथ डमरू-नगाड़ों की धूम रहेगी। इस बार विशेष रूप से 12 ज्योतिर्लिंगों के मूल स्वरूप और आदियोगी के दर्शन मंदिर परिसर में कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है, जो आगरा में पहली बार होगा।
शिव बरात विभिन्न मार्गों से होती हुई विल्वकेश्वरनाथ महादेव मंदिर, बलकेश्वर पहुंचेगी, जहां विशाल फूल बंगला सजाया जाएगा और छप्पन भोग अर्पित किए जाएंगे। रात में चार महाआरतियां और भव्य श्रृंगार का आयोजन होगा। सभी धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां तेजी से जारी हैं।
- रिपोर्ट – गोविन्द पाराशर

