मथुरा। जनपद के मथुरा में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मथुरा पुलिस के एसएसपी कार्यालय के निकट स्थित ई-चालान कार्यालय परिसर में ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना सदर बाजार थाना क्षेत्र की है।जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 5:30 बजे के बीच जब ई-चालान कार्यालय के कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे तो उन्होंने कार्यालय के अंदर पंखे के कुंडे से एक व्यक्ति का शव लटका देखा। दृश्य देखते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना पर सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान लाखन सिंह (50 वर्ष) पुत्र मलखान सिंह, निवासी ग्राम बिरौना, थाना बलदेव, जनपद मथुरा के रूप में हुई है। वह ई-चालान कार्यालय में होमगार्ड के पद पर तैनात थे और मंगलवार रात ड्यूटी पर आए थे। बुधवार सुबह उनका शव फंदे से लटका मिला।प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। बताया जा रहा है कि मृतक पारिवारिक कारणों से मानसिक रूप से परेशान थे। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version