मथुरा। राया रोड स्थित ब्लिस स्कूल में बच्चों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में स्कूली बच्चों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र के बच्चों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शिविर में शहर के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज सिंह एवं उनकी टीम ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच की। कार्यक्रम से पूर्व स्कूल की चेयरपर्सन रश्मि गोयल ने डॉ. सिंह को मोमेंटो भेंट कर एवं दुपट्टा ओढ़ाकर उनका सम्मान किया।
चेयरपर्सन रश्मि गोयल ने बताया कि विद्यालय बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य पर भी समान रूप से ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चा ही उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है। स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से बच्चों के वजन, पोषण स्तर एवं अन्य संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य कैंप नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
शिविर का संचालन कर रहे डॉ. मनोज सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों में अनियमित खानपान और मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग की समस्या तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को आधे घंटे से अधिक मोबाइल फोन का उपयोग न करने दें और उनके संतुलित आहार पर विशेष ध्यान दें। यदि बच्चा भोजन ठीक से नहीं कर रहा है या किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या के लक्षण दिखते हैं, तो समय रहते चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें।
डॉ. सिंह ने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य के क्षेत्र में उठाया गया यह कदम अत्यंत प्रशंसनीय है। इस पहल से बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।