फतेहाबाद/आगरा: थाना फतेहाबाद क्षेत्र के चाचीपुरा खंडेर के पास शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे बाइक सवार भाभी-देवर और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश पुत्र रामप्रकाश, निवासी सतेरा थाना खंदौली बाइक चला रहे थे। उनके साथ गुनगुन पत्नी बुद्ध सिंह तथा बच्ची रुचि पुत्री बुद्ध सिंह बाइक पर सवार थीं। बताया गया है कि सभी मर्दानपुरा करकौली पिनाहट से अपने घर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक चाचीपुरा खंडेर के पास पहुंची, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक सड़क पर गिर गई। हादसे में तीनों को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को उपचार के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, हालांकि उपचार जारी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी तरुण धीमान ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

