फतेहाबाद/आगरा: गुरुवार दोपहर फतेहाबाद क्षेत्र के गांव पारौली सिकरवार में महिला के विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे। घटना में दोनों पक्षों से आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, पारौली सिकरवार निवासी शिवदयाल और अर्जुन सिंह पक्ष में रिश्तेदारी की एक युवती को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। बात बढ़ने पर दोनों ओर से लोग एकत्र हो गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
मारपीट में शिवदयाल, उसकी मां गुड्डी देवी, मवासी, भागवती गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से अर्जुन सिंह, उसकी पत्नी गुलकंदी, तथा नगला बीना बसई मोहम्मदपुर (फिरोजाबाद) निवासी बबलू और उसकी पत्नी फूलमाला घायल हुए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि “मामले की जांच की जा रही है। शांति भंग करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार, विवाद काफी समय से चल रहा था जो गुरुवार को उग्र हो गया। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता

