आगरा: आगरा में खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाले चतुर्थ सांसद खेल महोत्सव 2025 का शुभारंभ रविवार को पूरे उत्साह और राष्ट्रभक्ति के माहौल में हुआ। रामलीला मैदान से शुरू हुई ‘रन फॉर विकसित भारत’ मिनी मैराथन ने आयोजन को जोश और ऊर्जा से भर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने किया।
सदर स्थित एकलव्य स्टेडियम में झंडारोहण और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। मैदान पर उमड़ा जनसैलाब और खिलाड़ियों का जोश देखते ही बनता था। उद्घाटन सत्र की शुरुआत पारंपरिक व रोमांचक मलखंब प्रदर्शन से हुई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया।
यह खेल महोत्सव 21 से 25 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, मलखंब सहित करीब 12 खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। विभिन्न आयु वर्गों में लगभग 5,000 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधि, खेल संघों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। अपने संबोधन में प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि यह महोत्सव युवाओं को प्रोत्साहन देने और उनकी प्रतिभा निखारने का मजबूत प्लेटफॉर्म है। इसे ‘खेलो इंडिया’ और विकसित भारत के विजन को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगरा का यह आयोजन जिले को खेल प्रतिभाओं के नए केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।

