आगरा: उत्तर प्रदेश भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का शनिवार को आगरा में पहली बार आगमन पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार और भव्य स्वागत किया। भाजपा महानगर इकाई की ओर से सिकंदरा चौराहे पर आयोजित स्वागत समारोह में शंखनाद के बीच कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। उन्हें 51 किलो और कुछ स्थानों पर 151 किलो फूलों की विशाल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया।

बड़ी संख्या में जुटे भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर सबसे पहले कीथम में जिला इकाई ने जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां के नेतृत्व में स्वागत किया। इसके बाद सिकंदरा चौराहे पर महानगर इकाई का भव्य आयोजन हुआ।

इस मौके पर महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के साथ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. जीएस धर्मेश, धर्मपाल सिंह, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, एमएलसी विजय शिवहरे, गौरव राजावत, शैलू पंडित सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भी उनके साथ आगरा पहुंचे।

इसके बाद बोदला, मारुति एस्टेट, शिवाजी नगर, कोठी मीना बाजार, पचकुइया, सुभाष पार्क, धाकरान समेत कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं और नारों से स्वागत किया। स्वागत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए संगठन को और मजबूत करने का संदेश दिया।

हालांकि, इस दौरान पंकज चौधरी ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। हाल के दिनों में ब्राह्मण समाज की बैठकों पर विधायकों को नोटिस जारी होने के बाद उठे विवाद को देखते हुए उन्होंने मीडिया के सवालों से परहेज किया।

स्वागत कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय सहित कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन को और प्रभावशाली बना दिया। स्वागत के कारण शहर में कई जगहों पर ट्रैफिक जाम भी लगा रहा।

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version