आगरा: योगी आदित्यनाथ सरकार ब्रज क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित व संवर्धित करने में जुटी है। इसी क्रम में ताजनगरी के फेस-2 जोनल पार्क में 19 एकड़ क्षेत्र में भव्य ‘गीत गोविंद वाटिका’ पूरी तरह तैयार हो चुकी है। नए साल 2026 की शुरुआत में आगरा वासियों और दुनिया भर के पर्यटकों को इस अनोखे थीम पार्क की सौगात मिलेगी। यह पार्क न केवल पर्यटन को नई गति देगा, बल्कि ब्रज की लोक संस्कृति और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का जीवंत केंद्र बनेगा।

लेजर शो और थीम लाइटिंग का जादू

मुख्यमंत्री पर्यटन विकास सहभागिता योजना के तहत पार्क में 4.19 करोड़ रुपये से अत्याधुनिक थीम लाइटिंग और लेजर शो स्थापित किया गया है। फाउंटेन की वाटर वॉल पर 30 मिनट का खास लेजर शो पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देगा, जिसमें श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाएं चित्रित होंगी। 4.14 करोड़ की लागत से विकसित थीम पार्क रात में जादुई अनुभव देगा।

ब्रज लीलाओं के सजीव दर्शन

वाटिका में प्रवेश करते ही ब्रज संस्कृति के साक्षात दर्शन होंगे। यहां महाभारत प्रसंग, कुरुक्षेत्र मैदान, माखन चोर लीला, वाटर बॉडी में कालिया नाग दमन, गोवर्धन पर्वत और पांडवों के छह शंखों के भव्य स्कल्पचर स्थापित हैं। एक एकड़ में ‘तुलसी वन’ विकसित किया गया, जहां तुलसी की 100 से अधिक प्रजातियां लगी हैं।

मुक्ताकाशीय मंच और आध्यात्मिक अनुभव

दो एकड़ में विशाल ओपन एयर स्टेज बनाया गया है, जहां रासलीला और धार्मिक कार्यक्रम नियमित होंगे। रेड स्टोन गजीबो और वॉल पैनल पर गीता के उपदेश शांति व आध्यात्मिकता का एहसास कराएंगे।

आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की उपाध्यक्ष एम. अरून्मोली ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आगरा को सांस्कृतिक पर्यटन का ग्लोबल हब बनाना है। अब पर्यटक दिन में स्मारक देखने के साथ रात में यहां रुकेंगे, जिससे अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार बढ़ेंगे। निर्माण अंतिम चरण में है और नए साल में पार्क जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।

यह योगी सरकार का महत्वाकांक्षी प्रयास आगरा के पर्यटन को ताजमहल से आगे ब्रज विरासत से जोड़ेगा। ‘गीत गोविंद वाटिका’ आने वाली पीढ़ियों के लिए सांस्कृतिक धरोहर संरक्षित करेगी।

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version