आगरा: चंदसोरा में हाइवे पर अनियंत्रित होकर ईट भरी ट्रॉली बगल में चल रहे दिव्यांग व्यक्ति पर पलट गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आगरा के जगनेर थाना क्षेत्र के ग्राम चंदसोरा में धोलपुर भरतपुर हाइवे पर ईंट से भरे एक ट्रैक्टर की ट्रॉली बगल में चल रहे दिव्यांग पर पलट गई। वो उसके नीचे दब गया, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।
गांव चंदसोरा निवासी दिव्यांग युवक धर्मपाल 55 वर्षीय पुत्र स्व करन सिंह बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे अपनी ट्राइसाइकिल से कहीं जा रहा था। तभी गांव चंदसोरा में धौलपुर भरतपुर हाइवे पर शिवा गार्डन के पास ईंट से भरी ट्रैक्टर की ट्रॉली अनियंत्रित होकर उस पर पलट गई।
हादसे में दिव्यांग व्यक्ति ईंट भरी ट्रॉली के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे ट्रॉली और ईटों के नीचे से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
- रिपोर्ट – गोविन्द पाराशर

