बाह (आगरा)। थाना बासौनी क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी बाह भिजवाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अलकेश पुत्र हीरा सिंह तोमर, निवासी साहस का पुरा, थाना नगरा, तहसील पोरसा (मध्य प्रदेश), जयपुर में नौकरी करते थे। बताया जाता है कि वह अपनी पत्नी अमृता और दो बच्चों को आगरा स्थित ससुराल छोड़कर अपने गांव वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान थाना बासौनी क्षेत्र के पुरा टिन्नेत मंदिर के पास उनकी स्विफ्ट डिजायर अनियंत्रित होकर गहरी खंदी (गड्ढे) में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि अलकेश की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से वाहन को खंदी से बाहर निकलवाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी बाह में रखवाया गया है।अचानक हुए इस हादसे से परिवार में मातम छा गया है। मृतक अपने पीछे पत्नी अमृता और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।