दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: आईपीएल मैचों में हार-जीत पर सट्टा लगाने वाले गिरोह का डौकी पुलिस और सर्विलांस सेल पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 लाख 21 हजार 300 रुपये की नकदी, मोबाइल फोन, सट्टा पर्चियां और अन्य सामान बरामद किया है। भारी रकम बरामद होने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अवैध गतिविधियों और सट्टेबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना डौकी पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बा डौकी में आईपीएल मैचों पर बड़े स्तर पर सट्टा लगाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपितों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों आरोपित आईपीएल मैचों में हार-जीत पर दांव लगवाने की बात सामने आई।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 14,21,300 रुपये नकद, दो लावा कीपैड मोबाइल, एक वनप्लस टच मोबाइल, दो पेन, एक कॉपी में लिखी 10 सट्टा पर्चियां, लेन-देन संबंधी दो पर्चियां तथा एक कैलकुलेटर बरामद किया। पुलिस के अनुसार बरामद मोबाइल फोन में कई संदिग्ध नंबर और लेन-देन की जानकारी भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में अमर सिंह निवासी चमरपुरा थाना डौकी तथा अभिषेक निवासी कस्बा डौकी शामिल हैं। थाना प्रभारी सुनीत शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपित लंबे समय से आईपीएल मैचों में हार-जीत पर सट्टा लगवा रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।





















