मैनपुरी: शहर मे स्टेशन रोड पर रविवार की सुबह सड़क चौड़ीकरण को लेकर पेड़ काटे जा रहे थे। इस दौरान करणी सेना के जिलाध्यक्ष अपने समर्थक व स्थानीय लोगों के साथ वर्षों पुराने पेड़ काटे जाने का विरोध करते हुए सड़क पर बैठ गए। जाम की सूचना पर एसडीएम, सीओ और अधिशासी अधिकारी माौके पर पहुंच गए। लोगों के विरोध के आगे अधिकारियों को पेड़ काटे जाने का काम रोकना पड़ा। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने करीब दो घंटे से लगा जाम खोला। तब पुलिस ने मार्ग का आवागमन सुचारू कराया।

स्टेशन रोड पर सड़क चौड़ीकरण के कार्य के लिए करीब 43 पेड़ काटे जाने हैं। रविवार को पीडब्ल्यूडी के कर्मी मार्ग पर पेड़ों का कटान कर रहे थे। इस दौरान एक कई वर्ष पुराना पेड़ काट कर गिरा दिया। जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। जानकारी होने के बाद करणी सेना के जिलाध्यक्ष शंकर सिंह चौहान समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। भाजपा के कुछ युवा नेता भी आ गए। स्थानीय लोगों के साथ विरोध में शामिल हो गए। विरोध और जाम की सूचना पर एसडीएम अभिषेक कुमार, सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी पीडब्ल्यूडी धनुषधारी भी मौके पर पहुंचे।

सभी ने जाम लगाए लोगों को समझाने का प्रयास किया। मगर जाम लगाए लोग काम न रुकने तक मानने को तैयार नहीं थे। विरोध लगातार बढ़ता जा रहा था। आखिरकार अधिकारियों ने पीछे हटने का निर्णय लिया और जाम लगाए लोगों को आश्वासन दिया कि काम को रुकवा दिया गया है। एसडीएम ने उनकी मांग को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। काम रोके जाने के बाद आक्रोशित लोगों ने करीब दो घंटे से लगे जाम को खोला। इसके बाद पुलिस ने मार्ग का आवागमन सुचारू कराया।

एसडीएम और सीओ ने लोगों को समझा बुझाकर जाम को खुलवा दिया। जब लोग हटने लगे तो लोगों ने अधिकारियों से साफ कर दिया कि चोरी छिपे पेड़ कटान का काम शुरू न किया जाए नहीं तो वह लोग फिर से सड़क पर उतरेंगे। वह लोग किसी भी कीमत पर वर्षों पुराने पेड़ों की बलि नहीं चढ़ने देंगे। प्रशासन ने जितने पेड़ काटे हैं। उसकी जगह नए पौधे लगाए जाएं ताकि प्राकृतिक क्षति को पूरा किया जा सके।

जाम के दौरान लोग रहे परेशान

स्टेशन रोड पर पेड़ काटे जाने के विरोध में करीब दो घंटे तक मार्ग पर जाम के हालात रहे। इस दौरान मार्ग से गुजरने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने शुरू में जाम को सख्ती से खुलवाने का प्रयास भी किया मगर लोगों का गुस्सा देख पीछे हट गए। जाम खुलने के बाद अधिकारियों व राहगीरों ने राहत की सांस ली।

 

"गांव से शहर तक, गलियों से सड़क तक- आपके इलाके की हर धड़कन को सुनता है "जिला नजर" न्यूज़ नेटवर्क: नजरिया सच का

Exit mobile version